दिल्ली में कुछ घंटों की बारिश से जलभराव, कनॉट प्लेस से बदरपुर तक थमी रफ्तार
दिल्ली में तेज बारिश के बाद कनॉट प्लेस, बदरपुर, एमबी रोड और सरिता विहार समेत कई इलाकों में जलभराव। ट्रैफिक प्रभावित, IMD ने और बारिश का अलर्ट जारी किया।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हुई कुछ घंटों की तेज बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत तो मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव ने आम जनजीवन और यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।
दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र कनॉट प्लेस, जनपथ, सरिता विहार अंडरपास, बदरपुर स्कूल रोड, एमबी रोड (पुल प्रह्लादपुर) और संगम विहार सहित कई इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। कई जगहों पर वाहन पानी में फंस गए, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में कारों, ऑटो और दोपहिया वाहनों को पानी से भरी सड़कों से गुजरते देखा जा सकता है। जी-ब्लॉक स्थित कुछ दुकानों के बाहर और बरामदों तक पानी पहुंच गया।
सरिता विहार अंडरपास में भी भारी जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कुछ वाहन बंद होने की भी सूचना मिली है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं बदरपुर स्कूल रोड पर कुछ घंटों की बारिश के बाद ही सड़कें पानी में डूब गईं। स्थानीय लोगों ने
जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समय पर नालों की सफाई और जल निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिसके कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है।
एमबी रोड स्थित पुल प्रह्लादपुर के पास भी जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई। कई वाहन चालकों को आशंका रही कि पानी साइलेंसर में जाने से वाहन खराब हो सकते हैं।

इसी तरह संगम विहार के मंगल बाजार रोड पर भी बारिश का पानी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी चुनौती बन गया। लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है।
उधर, नगर निगम और संबंधित एजेंसियों का कहना है कि जलभराव वाले इलाकों में पानी निकासी का काम जारी है। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक और बारिश की संभावना जताई है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
