Vande News
DelhiBreaking

दिल्ली के नरेला में तेज रफ्तार मर्सिडीज की टक्कर, 70 वर्षीय महिला की मौत; हरियाणा पुलिस SI का बेटा गिरफ्तार

दिल्ली के नरेला में मर्सिडीज और वैगनआर की टक्कर में 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मर्सिडीज चालक शुभम को गिरफ्तार किया है।

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 week ago
Share:
दिल्ली के नरेला में तेज रफ्तार मर्सिडीज की टक्कर, 70 वर्षीय महिला की मौत; हरियाणा पुलिस SI का बेटा गिरफ्तार

वंदे न्यूज़ संवाददाता, बाहरी दिल्ली: दिल्ली के नरेला के मामुरपुर इलाके में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यहां तेज रफ्तार मर्सिडीज और वैगनआर की टक्कर हो गई। हादसे के दौरान महिला दोनों वाहनों की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


पुलिस ने मर्सिडीज चला रहे युवक को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान शुभम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पिता हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं।

हिमालयाज अपार्टमेंट के सामने हुआ हादसा


पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 8 बजे हिमालयाज अपार्टमेंट के सामने हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मर्सिडीज और वैगनआर की आमने-सामने की टक्कर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैगनआर पीछे की ओर जाकर पास खड़े एक तीन पहिया लोडिंग वाहन से जा टकराई।


हादसे में मामुरपुर निवासी उर्मिला पत्नी सत्यनारायण गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वैगनआर चालक को मामूली चोटें आईं और उसे प्राथमिक उपचार दिया गया।



आरोपी के नशे में होने का दावा, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार


पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी के नशे में होने की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की मेडिकल जांच कराई गई है और पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।


पुलिस को मर्सिडीज कार में शराब की बोतल भी दिखाई दी है, लेकिन अधिकारियों की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


दोस्त से लेकर आया था मर्सिडीज



जांच में सामने आया है कि मर्सिडीज आरोपी युवक के दोस्त की है। बताया जा रहा है कि शुभम ने यह कार एक दिन पहले यात्रा के लिए ली थी। पुलिस अब हादसे के समय वाहन की गति और दुर्घटना के अन्य कारणों की जांच कर रही है।


पुलिस ने शुरू की जांच


घटना की सूचना मिलते ही नरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में लापरवाही से मौत समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।


पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों के चालकों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल मौके पर किसी तरह के तनाव की स्थिति नहीं बताई गई है।


Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →