दिल्ली मेट्रो एडवाइजरी: CJP प्रदर्शन के चलते राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद, DMRC ने जारी की सलाह
दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को देखते हुए DMRC ने सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। जानिए किन स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद रहेगी और किन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एहतियातन दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शहर के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। डीएमआरसी ने सर्विस एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से यात्रा से पहले मेट्रो सेवाओं की स्थिति जांचने की अपील की है।
डीएमआरसी के अनुसार, सुरक्षा कारणों से इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।
बंद किए गए मेट्रो स्टेशन
लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
तीन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी
डीएमआरसी ने स्पष्ट किया है कि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों को इन स्टेशनों पर प्रवेश या निकास की अनुमति नहीं होगी।
यात्रियों के लिए DMRC की सलाह
दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले मेट्रो की ताजा सर्विस अपडेट जरूर जांच लें। जिन स्टेशनों को बंद किया गया है, वहां जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
CJP प्रदर्शन के मद्देनजर बढ़ाई गई सुरक्षा
सूत्रों के अनुसार, CJP के प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली, जंतर-मंतर और वीवीआईपी इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल डीएमआरसी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि बंद किए गए मेट्रो स्टेशनों को दोबारा कब खोला जाएगा। आदेश जारी होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।