दिल्ली MCD वार्ड कमेटी चुनाव: 12 में से 10 वार्डों पर भाजपा का कब्जा, आप को सिर्फ दो जोन में मिली जीत
दिल्ली नगर निगम (MCD) की 12 वार्ड कमेटियों के चुनाव में भाजपा ने 10 वार्डों पर जीत दर्ज की, जबकि आम आदमी पार्टी को केवल 2 वार्ड कमेटियों में सफलता मिली। जानें सभी जोन का पूरा चुनाव परिणाम।

वंदे न्यूज़ संवाददाता, नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 12 वार्ड कमेटियों के चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 में से 10 वार्ड कमेटियों पर जीत दर्ज की, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) को केवल दो वार्ड कमेटियों में सफलता मिली। आप ने रोहिणी और करोल बाग जोन में जीत हासिल की।
बुधवार को विभिन्न जोन में चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन और कुछ स्थानों पर स्थायी समिति के सदस्यों के लिए मतदान कराया गया। चुनाव प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू हुई और शाम तक मतदान व मतगणना पूरी कर परिणाम घोषित कर दिए गए।
चुनाव से पहले आठ वार्ड कमेटियों में भाजपा और चार में आम आदमी पार्टी का बहुमत माना जा रहा था। इसके बावजूद दोनों दलों ने 11-11 वार्ड कमेटियों में अपने उम्मीदवार उतारे। अंतिम परिणाम में भाजपा ने अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 10 वार्डों पर कब्जा जमाया।
इन जोन में भाजपा को मिली बढ़त
सिटी एसपी जोन में भाजपा की ऊषा शर्मा ने जीत दर्ज की। उन्हें 7 वोट मिले, जबकि आप उम्मीदवार को 5 वोट प्राप्त हुए। मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग की भी चर्चा रही।
वेस्ट जोन में भाजपा के हरीश ओबरॉय ने 14 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि आप उम्मीदवार को 11 वोट मिले। यहां भी क्रॉस वोटिंग भाजपा के पक्ष में गई।
शाहदरा जोन में भाजपा उम्मीदवार यशपाल सिंह चेयरमैन और राजू सचदेव डिप्टी चेयरमैन निर्वाचित हुए। वहीं स्थायी समिति के सदस्य के रूप में भाजपा के मुनेश का चयन हुआ।
नजफगढ़ जोन में आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले अपने उम्मीदवारों का नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा के जयवीर सिंह राणा चेयरमैन, सुषमा राठी डिप्टी चेयरमैन और शशि यादव स्थायीसमिति सदस्य निर्वाचित हुए।
दक्षिण जोन में भी भाजपा ने जीत दर्ज की। चेयरमैन पद पर धर्मवीर सिंह और डिप्टी चेयरमैन पद पर ममता यादव ने 12-12 वोट हासिल कर जीत सुनिश्चित की।
रोहिणी और करोल बाग में आप की जीत
आम आदमी पार्टी को रोहिणी जोन में सफलता मिली। चेयरमैन पद पर पुष्पा सोलंकी ने 12 वोट हासिल कर भाजपा प्रत्याशी को एक वोट से हराया। वहीं डिप्टी चेयरमैन पद पर रमेश चंद भी 12 वोट प्राप्त कर विजयी रहे। इसके अलावा करोल बाग जोन में भी आम आदमी पार्टी ने अपनी पकड़ बनाए रखते हुए जीत दर्ज की।
इन नतीजों के साथ दिल्ली नगर निगम की वार्ड कमेटियों में भाजपा की स्थिति और मजबूत हो गई है। चुनाव परिणामों को आगामी नगर निगम की कार्यप्रणाली और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।