दिल्ली के देवली में बारिश का कहर, पार्किंग की दीवार गिरी; 10 से ज्यादा कारें मलबे में दबीं
दिल्ली के देवली की नई बस्ती में भारी बारिश के बाद प्राइवेट पार्किंग की दीवार गिर गई। हादसे में 10 से ज्यादा कारें मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में भारी बारिश के बाद देवली की नई बस्ती में बड़ा हादसा हो गया। यहां एक प्राइवेट पार्किंग की दीवार अचानक गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर 10 से ज्यादा कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। इनमें नई और कुछ दो से चार साल पुरानी गाड़ियां भी शामिल हैं।
भारी बारिश के बाद गिरी पार्किंग की दीवार
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद देवली की नई बस्ती स्थित प्राइवेट पार्किंग की दीवार गिर गई। दीवार गिरते ही पार्किंग में खड़ी कई कारें मलबे की चपेट में आ गईं। कुछ वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त बताए जा रहे हैं।
दो दिन पहले हुआ था काम
स्थानीय जानकारी के अनुसार, हादसे से करीब दो दिन पहले इलाके में दिल्ली जल बोर्ड और एमसीडी की ओर से काम कराया गया था। हालांकि, दीवार गिरने की वजह को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक भारी बारिश के बाद दीवार कमजोर हुई और अचानक भरभराकर गिर गई।
कार मालिकों को भारी नुकसान
हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों में कई नई कारें भी शामिल हैं। अचानक दीवार गिरने से कार मालिकों को काफी नुकसान हुआ है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल दीवार गिरने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
