Vande News
NationalBreaking

राम मंदिर निर्माण का संकल्प पूरा, आरक्षण पर राजनीति न करने की अपील: दत्तात्रेय होसबाले

इंदौर में संघ की बैठक के बाद बोले सरकार्यवाह, मतदाता सूची के पुनरीक्षण का किया समर्थन; कहा- लोकतांत्रिक व्यवस्था को पारदर्शी बनाना जरूरी

V
Vande News
||2 min read|Updated 3 weeks ago
Share:
राम मंदिर निर्माण का संकल्प पूरा, आरक्षण पर राजनीति न करने की अपील: दत्तात्रेय होसबाले

वंदे न्यूज़ इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के अंतिम दिन बुधवार को सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने आरक्षण, राम मंदिर, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर संघ का पक्ष रखा। होसबाले ने आरक्षण को संवेदनशील विषय बताते हुए कहा कि इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इसका लाभ समाजहित में उन लोगों तक पहुंचना चाहिए, जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता है।


राम मंदिर निर्माण का संकल्प पूरा

राम मंदिर से जुड़े सवाल पर होसबाले ने कहा कि संघ ने राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था और अब यह संकल्प पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा, “हमें राम मंदिर बनाकर दिखाना था, दिखा दिया।” काशी, मथुरा और धार की वाग्देवी से जुड़े मामलों पर उन्होंने कहा कि जो विषय न्यायालय में विचाराधीन हैं, उन्हें अदालत में ही रहने देना चाहिए। अन्य मामलों में समाज को आगे आना चाहिए।


SIR को बताया जरूरी प्रक्रिया

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का समर्थन करते हुए होसबाले ने कहा कि मतदाता सूची को समय-समय पर अपडेट करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सूची में मृत व्यक्तियों के नाम, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नाम और पुराने निवास स्थान पर बने रहने वाले नाम जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में सूची को दुरुस्त करना जरूरी है, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम उनके वर्तमान निवास क्षेत्र में दर्ज हों।

उन्होंने कहा कि यदि किसी गैर-नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज है, तो यह गंभीर विषय है। इसका संबंध केवल चुनावी व्यवस्था से नहीं, बल्कि देश की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा से भी है।


राजनीतिक बयानबाजी से बचने की अपील

पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए होसबाले ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध बनाने के लिए पुनरीक्षण की प्रक्रिया पहले भी होती रही है। उनके मुताबिक, अपात्र नाम हटाने के साथ सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल करना भी जरूरी है।


वोट चोरी के आरोपों और SIR पर जारी राजनीतिक बहस के संदर्भ में उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष का विषय नहीं होना चाहिए। इसका उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों से इस प्रक्रिया को राजनीतिक एजेंडा बनाने के बजाय निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था के लिए सहयोग करने की अपील की।

होसबाले ने पश्चिम बंगाल में संघ की शाखाओं की संख्या बढ़ने का भी उल्लेख किया।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →