पैलेट गन विवाद के बीच CRPF चीफ का जवानों को संदेश, बोले- निडर होकर ड्यूटी करें
पैलेट गन विवाद के बीच CRPF प्रमुख ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने जवानों से निडर होकर ड्यूटी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों के तहत की गई कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी वह स्वयं लेंगे।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,नई दिल्ली: NEET पेपर लीक के खिलाफ संसद मार्च के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने जवानों का मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जवान देशहित और जनहित में बिना किसी डर के अपनी ड्यूटी निभाएं। ड्यूटी के दौरान नियमों के तहत लिए गए हर फैसले और कार्रवाई की जिम्मेदारी वह स्वयं लेंगे।
केंद्रीय बल के अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए CRPF प्रमुख ने कहा कि ऑपरेशनल बटालियन हो या कानून-व्यवस्था संभालने वाली यूनिट, सभी जवान पूरी ईमानदारी और निडरता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा, "मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि देशहित, जनहित और फोर्स के हित में ड्यूटी के दौरान लिए गए फैसलों और की गई कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी मैं लेता हूं। जहां भी जवाबदेही की आवश्यकता होगी, मैं उसे स्वीकार करूंगा।"
यह बयान ऐसे समय आया है जब 20 जुलाई को NEET पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) द्वारा पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। RAF, CRPF की विशेष इकाई है, जो दंगा नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित है।
CRPF की आंतरिक समीक्षा में बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान RAF कर्मियों ने सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया। बल का कहना है कि कार्रवाई तय नियमों के अनुरूप की गई थी।
गौरतलब है कि देश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पूर्वोत्तर में उग्रवाद और मध्य भारत में नक्सल विरोधी अभियानों में भी CRPF की अहम भूमिका है। ऐसे में महानिदेशक का यह बयान जवानों के मनोबल को मजबूत करने वाला माना जा रहा है।