Vande News
west bengalBreaking

बीरभूम कैश कांड: सरकारी बस ड्राइवर के घर से ₹28.50 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामद, मैनेजर गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के बीरभूम में सरकारी बस चालक के घर से ₹28.50 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामद। पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल के मैनेजर मिनार मंडल गिरफ्तार।

V
Vande News
||2 min read|Updated 2 weeks ago
Share:
बीरभूम कैश कांड: सरकारी बस ड्राइवर के घर से ₹28.50 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामद, मैनेजर गिरफ्तार

वंदे न्यूज़ संवाददाता,कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोहम्मदबाजार में एक सरकारी बस चालक के घर से ₹28.50 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामद होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल के मैनेजर मिनार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बरामद नकदी और सोने को ट्रंकों में भरकर ट्रेजरी भेज दिया है और आरोपी के घर को सील कर दिया गया है।


डकैती केस की जांच से खुला राज


पुलिस के मुताबिक, हाल ही में दर्ज एक डकैती मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर मिनार मंडल के घर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान छह ट्रंकों और दो अलमारियों से ₹28.50 करोड़ नकद और 15 किलो सोना बरामद हुआ।


बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज बुंदेश ने बताया कि पूछताछ में मिनार मंडल ने दावा किया है कि यह नकदी और सोना पत्थर कारोबारी टुल्लू मंडल के कथित आपराधिक सिंडिकेट से जुड़ा है।

बस चालक से बना कारोबारी का मैनेजर


स्थानीय लोगों के अनुसार, मिनार मंडल कुछ वर्ष पहले तक उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (NBSTC) में बस चालक था। करीब चार साल पहले उसने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली और टुल्लू मंडल के कारोबार से जुड़ गया। इसके बाद वह रायपुर स्थित डीसीआर (डुप्लीकेट चालान रसीद) गेट के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहा था।इलाके में उसकी पहचान एक सामान्य कर्मचारी के रूप में थी।


टुल्लू मंडल फरार


पुलिस के अनुसार, मामले में नाम सामने आने के बाद टुल्लू मंडल फरार है। उसकी तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।


परिवार ने किया दावा


गिरफ्तार मिनार मंडल के बेटे ने दावा किया है कि बरामद नकदी और सोना उनके परिवार का नहीं है। उसके अनुसार, यह सामान टुल्लू मंडल ने उनके घर पर रखवाया था और परिवार को इसकी जानकारी नहीं थी।


सरकार ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी


मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य सरकार ने कहा कि भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति जारी रहेगी। सरकार का कहना है कि सरकारी संसाधनों की लूट या सत्ता के संरक्षण में अवैध संपत्ति बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →