बिहार की तीन बंद चीनी मिलें फिर होंगी शुरू, विधान परिषद में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधान परिषद में गोपालगंज, सकरी और रैयाम की तीन बंद चीनी मिलों को जल्द शुरू करने का ऐलान किया। केंद्र सरकार के साथ एमओयू हो

वंदे न्यूज़ संवाददाता,पटना: बिहार सरकार ने राज्य की बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने का संकेत दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को विधान परिषद में घोषणा की कि गोपालगंज, सकरी और रैयाम की तीन बंद चीनी मिलों को जल्द चालू किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार की एक संस्था के साथ समझौता (एमओयू) किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा विधान परिषद में सदस्य शशि यादव के अल्पसूचित प्रश्न का जवाब देते हुए की। उन्होंने कहा कि एमओयू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों चीनी मिलों को दोबारा संचालित करने की दिशा में तेजी से काम शुरू होगा।
केंद्र सरकार के सहयोग से होगा मिलों का संचालन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने की योजना पर काम कर रही है। उनका कहना था कि इससे न केवल चीनी उद्योग को मजबूती मिलेगी, बल्कि किसानों और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
नल-जल योजना का रखरखाव वार्ड सदस्यों को सौंपने की मांग
विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान नल-जल योजना के रखरखाव का मुद्दा भी उठा। सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई सदस्यों ने मांग की कि योजना के रखरखाव की जिम्मेदारी दोबारा वार्ड सदस्यों को सौंपी जाए।
सदस्यों का तर्क था कि स्थानीय प्रतिनिधि क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों को बेहतर ढंग से समझते हैं, जबकि बाहरी एजेंसी को जिम्मेदारी देने से योजनाओं के प्रभावी संचालन में कठिनाई आती है।
जदयू विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह ने भी वार्ड सदस्यों को जिम्मेदारी देने का समर्थन किया। इस पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण (PHED) मंत्री संजय कुमार सिंह ने मौजूदा व्यवस्था की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर पंचायती राज विभाग और पीएचईडी विभाग के साथ संयुक्त बैठक कर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सदन के सदस्यों के सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
विधान परिषद में सूखे नशे पर भी हुई तीखी बहस
सदन में बिहार में बढ़ते सूखे नशे के मामलों पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह ने कहा कि गांजा, अफीम और हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों का चलन तेजी से बढ़ रहा है और यह युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।
चर्चा के दौरान उनके मंदिरों के आसपास गांजे के सेवन संबंधी बयान पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया। इस पर सदन में कुछ समय के लिए तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि, बाद में कार्यवाही सामान्य रूप से आगे बढ़ी।
