'बंटवारा 1947' का दूसरा टीजर रिलीज, सनी देओल के दमदार अवतार और भावनात्मक कहानी ने बढ़ाई फिल्म की उत्सुकता
सनी देओल की फिल्म बंटवारा 1947 का दूसरा टीजर रिलीज हो गया है। टीजर में जबरदस्त एक्शन, भावनात्मक कहानी और प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल व करण देओल की झलक देखने को मिली। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

नई दिल्ली : अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' का दूसरा टीजर रिलीज कर दिया गया है। पहले टीजर के बाद अब सामने आए नए वीडियो में फिल्म की कहानी, भावनात्मक संघर्ष और विभाजन की त्रासदी को और गहराई से दिखाने की कोशिश की गई है। टीजर में सनी देओल का दमदार एक्शन अवतार और उनका प्रभावशाली संवाद दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
करीब एक मिनट लंबे इस टीजर की शुरुआत विभाजन के दौर के भयावह माहौल से होती है।
आगजनी, अफरा-तफरी और लोगों के पलायन के बीच सनी देओल की आवाज सुनाई देती है। उनका संवाद— "डर रहा है इंसान... मर रहा है इंसान और मैं जीते जी मरना नहीं चाहता, मैं जिंदा हूं और जिंदा होने का सबूत दूंगा"— फिल्म के संघर्षपूर्ण माहौल को मजबूत बनाता है।
प्रीति जिंटा समेत कई कलाकारों की झलक
टीजर में प्रीति जिंटा, करण देओल, शबाना आजमी और अली फजल की भी संक्षिप्त झलक दिखाई गई है। अलग-अलग दृश्यों के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई है कि वर्ष 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान आम लोगों ने किस तरह हिंसा, बिछड़ने और भय का सामना किया था।
एक्शन और इमोशन का संतुलन
दूसरे टीजर में निर्देशक राजकुमार संतोषी ने कहानी के भावनात्मक पक्ष के साथ-साथ सनी देओल के एक्शन अवतार को भी प्रमुखता से पेश किया है। कई दृश्यों में अभिनेता अन्याय के खिलाफ लड़ते हुए दिखाई देते हैं, जिससे फिल्म के बड़े पैमाने और गंभीर विषय का अंदाजा मिलता है।

विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है फिल्म
'बंटवारा 1947' भारत-पाकिस्तान विभाजन की ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित फिल्म है। इसकी कहानी प्रसिद्ध लेखक असगर वजाहत के चर्चित नाटक 'जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ए नई' से प्रेरित बताई जा रही है।
14 अगस्त 2026 को होगी रिलीज
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज के मौके पर इसकी बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' से सीधी टक्कर देखने को मिलेगी।
