बहराइच में दिव्यांगों के लिए रोजगार का मौका, 10 अगस्त को लगेगा जिला स्तरीय रोजगार मेला
बहराइच में दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 10 अगस्त को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन होगा। मेले में नौकरी के अवसर और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,बहराइच: दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से बहराइच जिला प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है। इसी क्रम में 10 अगस्त को सेवायोजन विभाग के सहयोग से जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जहां दिव्यांग अभ्यर्थियों को नौकरी और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी व अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
पात्र लाभार्थियों से किया गया संपर्क
जिला प्रबंधक रवि पाठक ने बताया कि जिले को 25 लाभार्थियों का लक्ष्य मिला है। इसके तहत सभी पात्र दिव्यांगजनों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर उनकी योग्यता, रुचि और रोजगार संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई है।
उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को दो दिव्यांगों ने स्वरोजगार अपनाने में रुचि दिखाई, जबकि 4 अगस्त को दो अन्य लाभार्थियों ने विभाग से संपर्क किया। इनमें से एक लाभार्थी ने निजी क्षेत्र में नौकरी करने की इच्छा जताई है, जिसके लिए विभाग आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।
रोजगार मेले में मिलेंगे नौकरी और स्वरोजगार के अवसर
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सुनील धनवंता ने बताया कि 10 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय रोजगार मेले में दिव्यांगजन अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही स्वरोजगार के इच्छुक लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता और प्रशिक्षण संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है, ताकि वे सम्मानपूर्वक आजीविका अर्जित कर सकें।
