Vande News
Uttar PradeshBreaking

अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत, झांसी जेल में बंद भाई अली से मिलने जा रहा था

झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके साथी की मौत हो गई। तीन अन्य घायल हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

V
Vande News
||3 min read|Updated 3 weeks ago
Share:
अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत, झांसी जेल में बंद भाई अली से मिलने जा रहा था

वंदे न्यूज़ संवाददाता,झांसी: कुख्यात माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर गुरुवार को सामने आई। अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसके साथी अहजम उर्फ सोनू की भी जान चली गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास हुआ।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में अबान अहमद और उसके साथी की मौत हुई है। तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार क्रेटा


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से झांसी आ रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर ग्राम खिल्ली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूंछ भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।


घायलों ने बताई मृतकों की पहचान


पुलिस के अनुसार, घायलों में शामिल एक व्यक्ति ने बताया कि मृतकों में से एक अबान अहमद है, जो माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा है। इसके बाद पुलिस ने पहचान की पुष्टि की।

मृतकों की पहचान अबान अहमद और अहजम (सोनू), निवासी प्रयागराज के रूप में हुई है। वहीं घायलों में मोहम्मद जैद, उमर समेत तीन लोग शामिल हैं।


भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था अबान


जानकारी के मुताबिक, अबान अहमद झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को नैनी सेंट्रल जेल से झांसी जिला जेल स्थानांतरित किया गया था।


शुरुआती जांच में तेज रफ्तार की आशंका


पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई गई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।

अतीक परिवार का झांसी से तीसरी बार जुड़ा बड़ा मामला


झांसी का नाम इससे पहले भी अतीक अहमद के परिवार से जुड़े दो बड़े मामलों में सामने आ चुका है।

  • 13 अप्रैल 2023 को अतीक अहमद के बेटे असद अहमद और उसके साथी गुलाम हसन का झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में एसटीएफ ने एनकाउंटर किया था। दोनों उमेश पाल हत्याकांड में वांछित थे।
  • इसके बाद अतीक के दूसरे बेटे अली अहमद को झांसी जिला जेल में रखा गया।
  • अब उसी जेल में बंद भाई से मिलने के दौरान सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत ने एक बार फिर झांसी को सुर्खियों में ला दिया।


Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →