Vande News
GujaratBreaking

अहमदाबाद की पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत; 15 से अधिक घायल

अहमदाबाद के महमूदपुरा स्थित पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 8 लोगों की मौत और 15 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री का लाइसेंस रद्द होने के बावजूद उसका संचालन जारी था।

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 month ago
Share:
अहमदाबाद की पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत; 15 से अधिक घायल

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।


यह घटना शहर के वस्त्राल क्षेत्र के रामोल-गतराद रोड स्थित महमूदपुरा में संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद तेज धमाका हुआ, जिससे देखते ही देखते पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया।


दमकल ने पाया आग पर काबू


हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। चीफ फायर ऑफिसर अमित डोगरे ने बताया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है।


घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी


हादसे की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट और नगर निगम आयुक्त बच्छा निधि पानी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। महापौर ने बताया कि फैक्ट्री अस्थायी और झोपड़ीनुमा ढांचे में संचालित की जा रही थी। आग की तीव्रता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।


लाइसेंस रद्द होने के बावजूद चल रही थी फैक्ट्री


संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह ने बताया कि संबंधित पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद वहां अवैध रूप से संचालन जारी था। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद सबसे पहले रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान में जुट गए।


हादसे के कारणों की जांच शुरू


फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि बिना वैध लाइसेंस के फैक्ट्री का संचालन कैसे जारी था और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →