Vande News
NationalBreaking

पंजाब चुनाव 2027: AAP की पहली सूची जारी, 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित; धूरी से चुनाव लड़ेंगे भगवंत मान

आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान धूरी से चुनाव लड़ेंगे। अब बाकी 77 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार है।

V
Vande News
||2 min read|Updated 3 weeks ago
Share:
पंजाब चुनाव 2027: AAP की पहली सूची जारी, 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित; धूरी से चुनाव लड़ेंगे भगवंत मान

वंदे न्यूज़ चंडीगढ़ । पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर संगरूर जिले की धूरी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। उम्मीदवारों की घोषणा मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में की।


इससे पहले अरविंद केजरीवाल के आवास पर पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक हुई, जिसमें उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। पंजाब विधानसभा की कुल 117 सीटों में से पार्टी ने फिलहाल 40 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं।


कई प्रमुख नेताओं को मिला टिकट

पहली सूची में अमनशेर सिंह (शेरी कलसी) को बटाला, कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला, डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को अमृतसर दक्षिण, हरमीत सिंह संधू को तरनतारन और बलकार सिंह को करतारपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा ब्रह्म शंकर शर्मा (जिम्पा) को होशियारपुर, कुलवंत सिंह को मोहाली, अशोक पराशर पप्पी को लुधियाना सेंट्रल और संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से टिकट दिया गया है।


पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, बलजिंदर कौर को तलवंडी साबो, गुरप्रीत सिंह बनावाली को सरदूलगढ़ और लाभ सिंह उगोके को भदौड़ से मैदान में उतारा गया है।


टिकट वितरण को लेकर चर्चा तेज

पार्टी में पहले से ही 30 से 40 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जाने की चर्चाएं थीं। ऐसे में पहली सूची के बाद उम्मीदवारों के चयन और पार्टी की रणनीति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, टिकट कटने की संभावनाओं को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


अगली सूची पर रहेंगी निगाहें

AAP की पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई मौजूदा विधायकों और प्रमुख नेताओं को जगह मिली है। अब बाकी 77 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार है। अगली सूची में किन नेताओं को मौका मिलता है और किन मौजूदा विधायकों के टिकट में बदलाव होता है, इस पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →