नरसेवा नारायण सेवा: असहाय व्यक्ति को सुरक्षित आश्रम पहुंचाया गया
विश्व हिंदू महासंघ की पहल पर मेडिकल जांच के बाद 55 वर्षीय अमर सिंह को अपना घर आश्रम, दिल्ली भेजा गया

वंदे न्यूज़ संवाददाता, गौतम बुद्ध नगर। विश्व हिंदू महासंघ, जिला गौतम बुद्ध नगर की ओर से चलाए जा रहे “नरसेवा नारायण सेवा अभियान के तहत एक मानसिक रूप से अस्वस्थ और असहाय व्यक्ति को सुरक्षित रूप से उपचार एवं आश्रय के लिए अपना घर आश्रम, दिल्ली भेजा गया। संगठन के अनुसार, अभियान के तहत अब तक 107 जरूरतमंद लोगों को आश्रम पहुंचाया जा चुका है।
सोमवार सुबह करीब 8 बजे सेक्टर-110 पुलिस चौकी के पास एक व्यक्ति के सड़क पर घूमने की सूचना मिली। सूचना देने वाले रामू ने बताया कि करीब 55 वर्षीय व्यक्ति अपना नाम अमर सिंह बता रहे थे, लेकिन अपनी स्थिति और परिवार के बारे में कोई जानकारी देने में असमर्थ थे। उनके पैरों में गंभीर घाव थे और संक्रमण की स्थिति भी बताई गई।

सूचना मिलते ही विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष और समाजसेवी विपिन चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को देखते हुए अपना घर आश्रम, दिल्ली की टीम से संपर्क किया। इसके बाद आश्रम की टीम से मनोज शर्मा मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस प्रशासन को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई। थाना फेस-2 की जीडी में आवश्यक जानकारी दर्ज कराने के बाद व्यक्ति का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भंगेल में मेडिकल परीक्षण कराया गया।
मेडिकल जांच और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अपना घर आश्रम की एंबुलेंस से व्यक्ति को दिल्ली भेजा गया। एंबुलेंस करीब दोपहर 1:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।
इस सेवा कार्य में विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों के साथ पुलिस प्रशासन का भी सहयोग रहा। मौके पर जिला अध्यक्ष विपिन चौध
री, नोएडा महानगर अध्यक्ष मातृशक्ति किरण त्यागी, जिला प्रभारी चौधरी तेज सिंह, मीडिया प्रभारी पिंकी चौधरी, संजय सिंह, रामू, होमगार्ड सत्येंद्र और चौकी प्रभारी एसआई शैलेंद्र सिंह यादव मौजूद रहे।
विपिन चौधरी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य जरूरतमंद, असहाय और बेसहारा लोगों की हरसंभव मदद करना है। उन्होंने कहा कि “नरसेवा नारायण सेवा” मानवता की सेवा का संकल्प है और समाज के लोगों को ऐसे जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
विश्व हिंदू महासंघ की ओर से पुलिस प्रशासन, थाना फेस-2 पुलिस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंगेल, अपना घर आश्रम की टीम और इस सेवा कार्य में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया गया।