Vande News
NationalBreaking

आम कर्जदारों को भी मिले बड़े उद्योगपतियों जैसी राहत, नोएडा में 95% कर्ज माफी की मांग

नोएडा में आश्रय गुप्ता ने आम कर्जदारों के लिए 95% तक कर्ज राहत की मांग की। दावा है कि 9.5 लाख लोगों पर 60 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज है।

V
Vande News
||3 min read|Updated 1 day ago
Share:
आम कर्जदारों को भी मिले बड़े उद्योगपतियों जैसी राहत, नोएडा में 95% कर्ज माफी की मांग

वंदे न्यूज़ नोएडा। देश में कर्ज और आर्थिक असमानता का मुद्दा उठाते हुए नोएडा के महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने आम लोगों के लिए विशेष कर्ज राहत योजना लागू करने की मांग की है। संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बड़े उद्योगपतियों को कर्ज निपटान में राहत मिल रही है, लेकिन किसान, बेरोजगार युवा, नौकरीपेशा और मध्यम वर्ग के परिवार लगातार आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं।



आश्रय गुप्ता ने कहा कि जिस तरह बड़े कर्जदारों के लिए एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (ARC) के माध्यम से कर्ज निपटान की व्यवस्था की जाती है, उसी तर्ज पर आम नागरिकों के लिए भी एक विशेष योजना बनाई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पात्र आम कर्जदारों को उनके कुल कर्ज में 95 प्रतिशत तक की राहत देने का प्रावधान किया जाए। उनके मुताबिक, इससे आर्थिक संकट से जूझ रहे लाखों परिवारों को राहत मिल सकती है।



नोएडा में 9.5 लाख लोगों पर 60 हजार करोड़ का कर्ज होने का दावा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आश्रय गुप्ता ने दावा किया कि नोएडा में करीब 9.5 लाख लोग 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज के बोझ तले दबे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जिन्होंने अपना घर या फ्लैट खरीदने के लिए बैंक और वित्तीय संस्थानों से ऋण लिया है। उन्होंने कहा कि कई परिवार आर्थिक परेशानियों के कारण अपनी किस्तें चुकाने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए सरकार को अलग से राहत व्यवस्था तैयार करनी चाहिए।



उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े उद्योगपतियों का करीब 1500 करोड़ रुपये का कर्ज महज 73.50 करोड़ रुपये में निपटाया जा रहा है, जबकि आम लोगों को कर्ज चुकाने के लिए पर्याप्त राहत नहीं मिलती। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा लोन और शिक्षा ऋण लेने वालों को भी राहत देने की मांग की।



कर्जदारों की समस्याओं को लेकर आंदोलन की तैयारी

आश्रय गुप्ता ने बताया कि नोएडा में कर्जदार परिवारों का आंकड़ा जुटाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। प्रभावित लोगों से संपर्क कर उनकी समस्याओं को संकलित किया जाएगा। इसके बाद इस मुद्दे को सरकार और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम लोगों को राहत देने वाली योजना को चुनावी घोषणापत्र में भी जगह मिलनी चाहिए।

उन्होंने बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि स्थायी रोजगार मिलने से युवा आर्थिक रूप से मजबूत होंगे और अपने कर्ज का भुगतान कर सकेंगे।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →