Vande News
NationalBreaking

राजस्थान: झुंझुनूं में बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत

उदयपुरवाटी के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान हुआ हादसा, 5 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे; मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया दुख, जांच के दिए निर्देश

V
Vande News
||2 min read|Updated 3 weeks ago
Share:
राजस्थान: झुंझुनूं में बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत

वंदे न्यूज़ जयपुर । राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुरवाटी तहसील के छापोली गांव में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।


सड़क निर्माण के दौरान मशीन में दौड़ा करंट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छापोली गांव में सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इस दौरान मजदूर बजरी मिलाने वाली मशीन से काम कर रहे थे। तभी मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन के संपर्क में आ गई। बिजली की लाइन छूते ही मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।


हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण कार्य के दौरान मशीन के हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ।


ग्रामीणों ने शुरू किया धरना, अधिकारी मौके पर पहुंचे

हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल पर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की ओर से हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।


घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया।


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया दुख

झुंझुनूं हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है।


मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने घटना की जांच कराने के भी निर्देश दिए हैं।


मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। इस हादसे ने सड़क निर्माण कार्यों के दौरान बिजली की हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →