नोएडा: गोपाल नमो सेवा केंद्र में 36 आयुष्मान कार्ड और अनेक ई-श्रम कार्ड वितरित, 9,000 से अधिक लोग उठा चुके हैं लाभ
जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल, आयुष्मान भारत और ई-श्रम कार्ड के जरिए हजारों लोगों को मिल रहा लाभ।

वंदे न्यूज़ नोएडा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल के नेतृत्व में पिछले तीन वर्षों से संचालित गोपाल नमो सेवा केंद्र पर लाभार्थियों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री असीम अरुण और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान और ई-श्रम कार्ड वितरित किए।
शिविर के दौरान 36 लोगों के निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि अनेक लाभार्थियों को ई-श्रम कार्ड भी वितरित किए गए। यह विशेष शिविर ‘सेवा सहयोग अभियान’ के आह्वान पर एक माह के लिए आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री असीम अरुण और गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी। इनमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग, प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय), पीएम स्माइल और छात्रवृत्ति योजनाएं शामिल रहीं।
उन्होंने लोगों को योजनाओं की पात्रता, उपलब्ध सुविधाओं और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करते हुए पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाने पर जोर
इस अवसर पर गोपाल कृष्ण अग्रवाल और मंत्री असीम अरुण ने विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और पात्र व्यक्तियों को इनसे जोड़ने पर जोर दिया।
रोजाना जारी रहेंगी केंद्र की सेवाएं
गोपाल नमो सेवा केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह सेवा आगामी दिनों में भी प्रत्येक कार्यदिवस पर सी-62, सेक्टर-65 स्थित कार्यालय में जारी रहेगी। पात्र व्यक्ति केंद्र पर पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और संबंधित योजनाओं का निःशुल्क लाभ उठाने के लिए सहायता ले सकते हैं।
केंद्र के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में अब तक 9,000 से अधिक लोग इसकी सेवाओं का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। केंद्र का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने में सहायता करना है।