Vande News
NationalBreaking

पंजाब में पराली जलाने के 5,002 मामले आए सामने, 1,155 किसानों पर FIR; 80 लाख का जुर्माना

10 नवंबर तक के आंकड़ों में तरनतारन सबसे आगे, 79.75 लाख रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया; 36.40 लाख की हो चुकी वसूली

V
Vande News
||3 min read|Updated 2 weeks ago
Share:
पंजाब में पराली जलाने के 5,002 मामले आए सामने, 1,155 किसानों पर FIR; 80 लाख का जुर्माना

वंदे न्यूज़ पटियाला। पंजाब में धान की कटाई का सीजन अंतिम चरण में पहुंचने के बावजूद पराली जलाने की घटनाएं प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की 10 नवंबर तक की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पराली जलाने के कुल 5,002 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में किसानों के खिलाफ जुर्माने, एफआईआर और राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री जैसी कार्रवाई की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, पराली जलाने के 1,574 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजे के तहत कुल 79.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसमें से 36.40 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। वहीं, 1,155 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि 1,342 मामलों में संबंधित किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है।


तरनतारन में सबसे ज्यादा पराली जलाने के मामले

जिलावार आंकड़ों में तरनतारन 676 मामलों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद फिरोजपुर में 654, संगरूर में 566, बठिंडा में 439 और पटियाला में 339 मामले सामने आए हैं। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्य के कई जिलों में पराली जलाने की समस्या बनी हुई है।


पटियाला में 339 मामले, 5.80 लाख का जुर्माना

पटियाला जिले में पराली जलाने की 339 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें से 115 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है। इन मामलों में कुल 5.80 लाख रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया, जिसमें से 2.40 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है।

इसके अलावा, जिले में 123 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है और 97 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है। प्रशासन की ओर से किसानों को 225 चेतावनी नोटिस भी जारी किए गए हैं।


18 अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई

रिपोर्ट में पराली जलाने की घटनाओं पर निगरानी और रोकथाम में लापरवाही को लेकर 18 सुपरवाइजरी अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई का भी उल्लेख है। इनमें फिरोजपुर के पांच और तरनतारन के 13 अधिकारी शामिल हैं। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार अभी तक किसी अधिकारी को चार्जशीट जारी नहीं की गई है और न ही किसी को निलंबित किया गया है।


96.10 प्रतिशत क्षेत्र में धान की कटाई पूरी

पंजाब में धान का कुल रकबा 32.87 लाख हेक्टेयर बताया गया है। इसमें से 96.10 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद पराली जलाने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में कटाई का सीजन समाप्त होने के करीब पहुंचने के साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिला प्रशासन के सामने खेतों में पराली जलाने पर रोक लगाने की चुनौती बनी हुई है।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →