Vande News
NationalBreaking

असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस का इंजन और 5 कोच पटरी से उतरे, राहत-बचाव अभियान जारी

दिगारू स्टेशन के पास सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा, कई यात्रियों के घायल होने की आशंका; रेलवे ने शुरू किया राहत एवं बचाव अभियान।

V
Vande News
||2 min read|Updated 2 weeks ago
Share:
असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस का इंजन और 5 कोच पटरी से उतरे, राहत-बचाव अभियान जारी

वंदे न्यूज़ गुवाहाटी। असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित दिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13125) का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुआ। ट्रेन के पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई।


दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हुआ हादसा

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के मुताबिक, 11 नवंबर की सुबह दिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो सकी और इंजन समेत पांच कोच पटरी से उतर गए।

रेलवे अधिकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13125 मिजोरम से कोलकाता की ओर जा रही थी। हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।



कई यात्रियों के घायल होने की आशंका

हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आई है। हालांकि, अभी तक घायलों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं मिली है। रेलवे प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


मौके पर भेजी गई रिकवरी ट्रेन

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, राहत एवं बचाव कार्य के साथ रेलवे ट्रैक को साफ करने के लिए रिकवरी ट्रेन घटनास्थल पर भेजी गई है। रेलवे के महाप्रबंधक (GM) सहित वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।

हादसे के बाद प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई है। रेलवे की टीमें पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और रेल परिचालन बहाल करने में जुटी हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन की ओर से हादसे की विस्तृत जांच और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →