गुजरात के भरूच में केमिकल फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 श्रमिकों की मौत, 5 घायल
गुजरात के सायखा GIDC औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सिंजील फार्माकेम कंपनी में हाइड्रोजनीकरण प्रक्रिया के दौरान हुआ धमाका। हादसे के बाद जहरीली गैस के रिसाव की सूचना, जांच में जुटीं संबंधित एजेंसियां।

वंदे न्यूज़ भरूच। गुजरात के भरूच जिले में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में शुक्रवार रात हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। वागरा तालुका के सायखा GIDC औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सिंजील फार्माकेम कंपनी में हुए इस हादसे में पांच श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस, औद्योगिक सुरक्षा विभाग और संबंधित एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
हाइड्रोजनीकरण प्रक्रिया के दौरान हुआ विस्फोट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे फैक्ट्री में हाइड्रोजनीकरण प्रक्रिया के दौरान विस्फोट हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, धमाके के कारण रिएक्टर टैंक फट गया और मशीनरी के कुछ हिस्से परिसर में दूर तक बिखर गए। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में मेथिलीन डाइक्लोराइड (MDC) गैस के रिसाव की भी सूचना मिली।
भरूच की उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) मनीषा मनानी के अनुसार, कंपनी में फार्मास्युटिकल इंटरमीडिएट्स का निर्माण किया जाता है। बताया गया है कि यह प्लांट करीब एक साल पहले सायखा औद्योगिक क्षेत्र में शुरू हुआ था।

गुजरात और उत्तर प्रदेश के श्रमिकोंकी मौत
पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाना के अनुसार, हादसे में कुल 10 श्रमिक प्रभावित हुए हैं। मृतकों में जयदीप महेशभाई पटेल, भाविक दिलीपकुमार वसावा, वृंद तलविया, अनिकेत हरिलाल गौतम और अर्जुनकुमार रामसिंह गौतम शामिल हैं। इनमें गुजरात और उत्तर प्रदेश के निवासी श्रमिक शामिल हैं।
वहीं, हादसे में घायल पांच श्रमिकों की पहचान पवनकुमार रामसिंह गौतम, मौसमकुमार रामसेवक यादव, शिवदयाल रामावतार यादव, प्रतीक प्रविण प्रजापति और प्रियांशु बहादुरलाल के रूप में हुई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में जुटीं संबंधित एजेंसियां
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस, औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय (DISH) और गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (GPCB) की टीमें मौके पर पहुंचीं। फिलहाल विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जांच और तकनीकी परीक्षण के बाद ही हादसे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।