नोएडा चित्रकला उत्सव में 4000 प्रतिभागियों ने रंगों से सजाए सपने, 116 स्कूलों की रही भागीदारी
116 स्कूलों के विद्यार्थियों सहित दिव्यांग बच्चों, शिक्षकों और वरिष्ठ नागरिकों ने लिया हिस्सा, 5 दिसंबर को होगा कलाकृतियों का मूल्यांकन।

वंदे न्यूज़ नोएडा। सेक्टर-33 स्थित चिल्ड्रेन पार्क गुरुवार को रंगों, कल्पनाओं और रचनात्मकता से सराबोर नजर आया। नोएडा लोक मंच एवं नोएडा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘नोएडा चित्रकला उत्सव-5 इंद्रधनुष अंतर्विद्यालय चित्रकला प्रतियोगिता-2026’ में दिल्ली-एनसीआर के 116 विद्यालयों के विद्यार्थियों सहित लगभग 4000 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस आयोजन में विद्यार्थियों के साथ दिव्यांग बच्चों, शिक्षकों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु और श्रेणियों के प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाओं, विचारों और सामाजिक संदेशों को रंगों के माध्यम से कैनवास पर उकेरा। आयोजन की खास बात यह रही कि कला को केवल विद्यार्थियों तक सीमित न रखते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को एक साझा मंच प्रदान किया गया। दिव्यांग बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक ने उत्साह के साथ इसमें सहभागिता की।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में कुशाग्र अवस्थी, पूजा अग्रवाल (CEO, Qube Highways Route Foundation), राजीव सक्सेना, प्रिया उपाध्याय, राजेश श्रीवास्तव, डॉ. राम शरण गौड़, मोहम्मद परवेज, मुकुल बाजपेयी और सुरोजीत दास गुप्ता उपस्थित रहे। नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना, कार्यकारी महासचिव विनीत गर्ग, प्रदीप वोहरा और सुनीता खटाना सहित कई गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों और विद्यालयों के समन्वय की जिम्मेदारी पुष्पा सिंह, लीका सक्सेना, आशु सक्सेना, रंजू माथुर, रेनू छिब्बर, रेना शाहमीरी, विभा बंसल, मुक्ता गुप्ता और विनीत सक्सेना ने संभाली। मंच संचालन और कार्यक्रम की घोषणाओं का दायित्व आर.एन. श्रीवास्तव, राजेश्वरी त्यागराजन और विनोद पांडेय ने निभाया। प्रतियोगिता की समग्र प्रभारी इंद्रा चौधरी और अधीक्षक लुबना सैफी रहीं।
आयोजन को सफल बनाने में नोएडा लोक मंच के विभिन्न प्रकल्पों, नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी के स्टूडेंट रीडिंग रूम के विद्यार्थियों, संस्कार अध्ययन केंद्र सरफाबाद, गढ़ी और कोंडली से जुड़े विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों तथा स्वयंसेवकों का योगदान रहा। उत्तर प्रदेश भारत स्काउट ग्रुप के लगभग 50 वॉलंटियर और साधना बिधूड़ी की देखरेख में 10 स्काउट गाइड ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

5 दिसंबर को होगा कलाकृतियों का मूल्यांकन
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रस्तुत कलाकृतियों का 5 दिसंबर को पेशेवर चित्रकारों द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद चयनित कलाकृतियों की आर्ट गैलरी लगाई जाएगी और विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार समारोह की तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी। इच्छुक कला प्रेमी स्वैच्छिक अनुदान के माध्यम से चयनित कलाकृतियां प्राप्त कर सकेंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ कला को सामाजिक सहभागिता और सेवा से जोड़ना है। इंद्रधनुष ने संदेश दिया कि कला की न कोई उम्र होती है और न कोई सीमा।