Vande News
NationalBreaking

एमपी के अनूपपुर में युवक ने मां, नाना-नानी और बहन को उतारा मौत के घाट, हमले में 4 घायल; आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक युवक ने अपनी मां, नाना-नानी और मामा की बेटी की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है।

V
Vande News
||3 min read|Updated 1 week ago
Share:
एमपी के अनूपपुर में युवक ने मां, नाना-नानी और बहन को उतारा मौत के घाट, हमले में 4 घायल; आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम अमोदा बिजौरा में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां थाना करन पठार के सरई चौकी क्षेत्र में एक युवक ने लाठी-डंडे से हमला कर अपनी मां सहित नाना-नानी और मां की बेटी की हत्या कर दी।

घटना में कुल 4 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।


क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, आरोपित युवक प्रेम सिंह, निवासी ग्राम मरदरी, थाना नौरोजाबाद, करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ अपने नाना-नानी के यहां अनूपपुर जिले के पुष्प राजगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम अमोदा बिजौरा आया था।


शुक्रवार को किसी बात को लेकर आरोपित ने सनी धाम के पंडा गंगा सिंह के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर उसके नाना-नानी के घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया रहा। बताया जा रहा है कि अपने बेटे की परेशानी देखकर उसकी मां अनुपिया बाई ने उसे रस्सी से खोल दिया।


रस्सी खुलते ही मचाया तांडव

रस्सी से मुक्त होते ही आरोपित ने अपनी मां पर ही हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपने नाना संपत और नानी भन्नी पर भी लाठी-डंडे से हमला किया। हमले में तीनों की मौत होने की सूचना है। इसके बाद आरोपित ने अपने मामा चैन सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया।

हमले में मोनका सिंह (5 वर्ष) की भी मौत हुई है, जबकि बहन भारती और चंचल घायल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कालेज ले जाया गया है। वहीं सनी धाम के पंडा गंगा सिंह का भी उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई गई है।


घटना की सूचना मिलते ही अनूपपुर एसपी सहित पुलिस का अमला मौके पर पहुंच गया। घटना स्थल पर उमरिया और अनूपपुर दोनों जिलों की पुलिस मौजूद है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।


पहले भी मां से मारपीट का बताया जा रहा मामला

स्थानीय जानकारी के अनुसार आरोपी करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ ग्राम अमोदा बिजौरा स्थित नाना-नानी के घर आया था। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले भी आरोपित ने अपने गांव मरदरी में अपनी मां के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था और वह जेल भी गया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी ग्राम मरदरी का उपसरपंच भी बताया जा रहा है। आरोपी को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जाने की जानकारी भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की ओर से नहीं की गई है।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों तथा मृतकों एवं घायलों की आधिकारिक जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।



Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →