Vande News
NationalBreaking

मोरबी-कच्छ हाईवे पर हादसा, इको कार-ट्रक की टक्कर में दीव के 4 लोगों की मौत

मोरबी-कच्छ हाईवे पर हरिपर गांव के पास इको-कार और ट्रक की भीषण टक्कर में बच्चे समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

V
Vande News
||2 min read|Updated 3 days ago
Share:
मोरबी-कच्छ हाईवे पर हादसा, इको कार-ट्रक की टक्कर में दीव के 4 लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मोरबी-कच्छ हाईवे पर एक सड़क हादसे में बच्चे समेत कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह लोग इको-कार से कच्छ स्थित माता मध के दर्शन करने गए थे।


हादसा मालिया तालुका के हरिपर गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, इको-कार का टायर अचानक फट गया। मूल रूप से गिर सोमनाथ के रहने वाले और वर्तमान में दीव में बसे कपाड़िया परिवार के लोग मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे।


टायर फटने से अनियंत्रित हुई कार


टायर फटने के बाद ड्राइवर का स्टीयरिंग पर कंट्रोल नहीं रहा और कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में चली गई। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार दी थी कि इको-कार पूरी तरह से पलट गई।


इको-कार में सवार छह लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें भरतकुमार वीरजीभाई बांभणिया, कंचनबेन वीरजीभाई बांभणिया, मनोज लक्ष्मणभाई कपाड़िया, जीवांशु मनोज कपाड़िया शामिल हैं।


हाईवे पर लगा ट्रैफिक जाम


इसके अलावा 35 वर्षीय जागृतिबेन मनोजभाई कपाड़िया और उनकी 12 वर्षीय बेटी वैदर्शी को गंभीर चोटें आईं। दोनों को इलाज के लिए तुरंत पास के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के कारण मोरबी-कच्छ हाईवे पर ट्रैफिक जाम लग गया।

घटना की सूचना मिलते ही, मालिया तालुका पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मालिया सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।


पुलिस ने क्रेन और अन्य उपकरणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे हटाया और यातायात बहाल किया। इसके अलावा, इस मामले में एक केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →