पटना में सनकी की करतूत: घर में घुसकर 4 लोगों पर पेट्रोल डालकर जलाया, दंपती-बहू और 3 साल की बच्ची झुलसी

वंदे न्यूज़ संवाददाता , पटना सिटी। चौक थाना क्षेत्र के राजाराम गली स्थित श्याम मंदिर के पास बुधवार सुबह एक सनकी ने घर में घुसकर परिवार को पेट्रोल डालकर जला दिया।
इस घटना में पुरुषोत्तम अग्रवाल, उनकी पत्नी नीलम अग्रवाल, बहू मोनी कुमारी और तीन साल की पोती गंभीर रूप से झुलस गईं। चारों को एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
इस घटना में आग लगानेवाला कन्हाई भी झुलस गया। शरीर में लगी आग बुझाने के लिए वह कंगन घाट पर गंगा नदी में कूद गया। उसे भी एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
15 दिन पहले की थी शादी
इस संबंध में पुरुषोत्तम अग्रवाल ने बताया कि कन्हाई अपनी पत्नी मोनी को बहुत पीटता था। इसके बाद उसे तलाक दे दिया तो 15 दिन पहले उसने मोनी से शादी कर ली।
तलाक के एवज में कन्हाई ने उससे 3 लाख 47 हजार रुपये लिए। उसके बाद से भी वह लगातार पैसे की मांग करता रहता था।
जानकारी लेने के बाद दिया घटना को अंजाम
आज सुबह उसने मोबाइल पर कॉल कर पूछा कि कहां हो, उसे बताया कि ड्यूटी पर आ गया। इसके बाद वह घर में पेट्रोल लेकर घुसा।
सीढ़ी से ही पेट्रोल छिड़कने लगा। इसके बाद घर में घुसकर आग लगा दी। जबतक आग बुझाई जाती, चारों गंभीर रूप से झुलस गए थे।
कन्हाई बोतलों में पेट्रोल भरकर आया था। एक बोतल पेट्रोल गली में पड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजकिशोर सिंह पहुंचे और घायलों को पुलिस की गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया।