राजकीय नर्सेज संघ का 30वें दिन भी आंदोलन जारी, पूरे प्रदेश में मनाया काला दिवस
समझौते के बावजूद शासनादेश जारी नहीं होने से नाराज नर्सिंग कर्मचारियों ने जलायीं समझौता पत्र की प्रतियां, 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जताया विरोध

वंदे न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राजकीय नर्सेज संघ का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। 9 अक्टूबर 2026 से शुरू हुआ नर्सिंग संवर्ग का शांतिपूर्ण आंदोलन 7 नवंबर को 30वें दिन में प्रवेश कर गया। इस मौके पर राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर प्रदेशभर में काला दिवस मनाया गया। जिला चिकित्सालयों और मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कई स्थानों पर शासन स्तर पर हुए समझौता पत्र की प्रतियां जलाकर नाराजगी जाहिर की गई।
संघ के अनुसार, नर्सिंग संवर्ग लंबे समय से 13 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर शासन स्तर से सहमति और आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक संबंधित शासनादेश जारी नहीं किए गए हैं। इसी नाराजगी के चलते आंदोलन को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
पहले भी हो चुका है कार्य बहिष्कार और घेराव
आंदोलन के तहत 21 अक्टूबर से प्रतिदिन दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। वहीं, 22 अक्टूबर को नर्सिंग कर्मचारियों ने लखनऊ स्थित स्वास्थ्य भवन का घेराव कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की थी। संघ का दावा है कि आंदोलन के बावजूद अब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
क्या हैं नर्सिंग कर्मचारियों की प्रमुख मांगें?
राजकीय नर्सेज संघ की प्रमुख मांगों में गृह जनपद में तैनाती, समयबद्ध पदोन्नति, अस्पतालों में पालनाघर की व्यवस्था, सवैतनिक अध्ययन अवकाश और मेडिकल कॉलेजों में परिवर्तित अस्पतालों में नर्सिंग संवर्ग के हितों की रक्षा शामिल है। इसके अलावा केंद्र सरकार के समान भत्ते देने की मांग भी उठाई जा रही है।
एक साल पुराने आश्वासन पर उठाए सवाल
संघ ने उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा करीब एक वर्ष पहले दिए गए आश्वासन का हवाला देते हुए सवाल उठाया है कि जब शासन स्तर पर पांच प्रमुख मांगों पर सहमति बन चुकी थी, तो अब तक शासनादेश क्यों जारी नहीं किया गया? कर्मचारियों का कहना है कि केवल आश्वासन से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
राजकीय नर्सेज संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों के संबंध में शासनादेश जारी नहीं होते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संघ का संदेश है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मांगों पर ठोस सरकारी आदेश चाहिए।