Vande News
InternationalBreaking

कैलिफोर्निया के हाईवे पर विमान क्रैश, डैशकैम में कैद हुआ हादसा; 3 यात्री सुरक्षित

अमेरिका के सैन जोस में छोटे विमान का पंख स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराया, जिसके बाद विमान सड़क पर गिर गया। विमान में सवार दो वयस्कों और एक बच्चे को अस्पताल ले जाया गया।

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 month ago
Share:
कैलिफोर्निया के हाईवे पर विमान क्रैश, डैशकैम में कैद हुआ हादसा; 3 यात्री सुरक्षित

वंदे न्यूज़  अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन जोस में एक छोटे विमान के एक्सप्रेसवे पर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे का दृश्य ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक कार के डैशकैम में कैद हो गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दो वयस्कों और एक बच्चे समेत तीनों लोग सुरक्षित बच गए। एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।


स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराया विमान का पंख

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के मुताबिक, यह हादसा शनिवार को सैन जोस में कैपिटोल एक्सप्रेसवे और एक्सकैलिबर ड्राइव के चौराहे के पास हुआ। वीडियो में एक छोटा प्रोपेलर विमान बेहद कम ऊंचाई पर उड़ता दिखाई देता है। इसी दौरान विमान का एक पंख सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकरा गया।


टक्कर के बाद विमान का पंख टूट गया और विमान अनियंत्रित होकर सड़क पर नाक के बल गिर पड़ा। हादसे में विमान के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


तीनों यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया

सैन जोस अग्निशमन विभाग के अनुसार, विमान में दो वयस्क और एक बच्चा सवार थे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए तीनों को एहतियातन स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी यात्री को जानलेवा चोट नहीं आई।


हादसे के दौरान सड़क पर ईंधन भी गिरा था, जिसे सुरक्षा कर्मियों ने साफ किया। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में किसी अन्य वाहन के चपेट में आने की सूचना नहीं है। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।


24 घंटे के भीतर दूसरा विमान हादसा

सैन जोस में दो दिनों के भीतर विमान दुर्घटना की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे एक दिन पहले रीड-हिलव्यू हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान एक अन्य छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसके लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी आने के कारण क्रैश-लैंडिंग करनी पड़ी थी। उस घटना में भी विमान में सवार दोनों लोग सुरक्षित बच गए थे।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →