जयपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर से भिड़ी मिनी बस, 3 श्रद्धालुओं की मौत, 25 घायल
नेशनल हाईवे-48 पर बगरू के पास देर रात हुआ हादसा, खाटू श्याम से सालासर जा रहे थे नासिक के श्रद्धालु; 7 घायलों को SMS अस्पताल रेफर किया गया।

वंदे न्यूज़ जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के पास बगरू में नेशनल हाईवे-48 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खाटू श्याम से सालासर जा रही श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस की टक्कर एक ट्रेलर से हो गई। इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, मिनी बस में कुल 30 यात्री सवार थे। सभी श्रद्धालु महाराष्ट्र के नासिक के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घायलों को तत्काल नजदीकी उप-जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में से सात लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर किया गया।
ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
जांच अधिकारी लालाराम के अनुसार, हादसा रात करीब दो बजे हुआ। पुलिस को एक पुलिस मित्र के जरिए दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग यूनिट को अलर्ट किया गया और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। दुर्घटनाग्रस्त वाहन क्षतिग्रस्त हालत में थे और सड़क पर मलबा बिखरा पड़ा था।
अधिकारी ने बताया कि मिनी बस चालक दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बस की टक्कर ट्रेलर से हो गई। हादसे के बाद चालक मौके पर नहीं मिला। यात्रियों ने पुलिस को बताया कि चालक वाहन से कूदकर फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और मृतकों के शवों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। हादसे के कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद हो सकेगी।