Vande News
NationalBreaking

दीवाली की रात देशभर में आग का तांडव, 23 लोगों की मौत; MP में सबसे ज्यादा तबाही

दीपावली की रात देशभर में आगजनी की घटनाओं में 23 लोगों की मौत हुई। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और दिल्ली में कई दर्दनाक हादसे हुए।

V
Vande News
||3 min read|Updated 2 weeks ago
Share:
दीवाली की रात देशभर में आग का तांडव, 23 लोगों की मौत; MP में सबसे ज्यादा तबाही

वंदे न्यूज़ नई दिल्ली। दीपावली के जश्न के बीच देश के कई राज्यों में आगजनी की घटनाओं ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में कुल 23 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई लोग घायल हुए और कुछ के लापता होने की खबर है। आग लगने की वजह कहीं पटाखों की चिंगारी तो कहीं शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दमकल और राहत-बचाव दलों ने देर रात तक मोर्चा संभाले रखा।


मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा तबाही, 13 लोगों की मौत

दीपावली की रात मध्य प्रदेश में आगजनी की दो बड़ी घटनाओं ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। कटनी जिले में एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो महीने का नवजात और तीन बच्चे शामिल बताए गए हैं।

वहीं, सिवनी जिले में एक सराफा कारोबारी के घर आग लगने से 16 वर्षीय किशोर समेत परिवार के छह लोगों की जान चली गई। इसके अलावा उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में दो मंजिला मकान में आग लग गई। ऊपरी मंजिल पर परिवार के 10 सदस्य फंस गए, जिनमें 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। राज्य में इन घटनाओं में कुल 13 मौतों की जानकारी दी गई है।



महाराष्ट्र में छह लोगों की दर्दनाक मौत

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में किराना दुकान के ऊपर बने मकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। पुणे में दीपावली की रात आग लगने की 63 घटनाएं दर्ज की गईं। मुंबई के लोखंडवाला में भी एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि डोंगरी में झुग्गियों और दुकानों में आग फैल गई। नागपुर के टीवीएस शोरूम में कई वाहन जल गए। ठाणे की 17 मंजिला इमारत में आग लगी, हालांकि वहां जनहानि नहीं हुई।


राजस्थान में पटाखों की दुकान में लगी आग, दो की मौत

राजस्थान के पाली जिले में पटाखों की एक दुकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग लापता बताए गए। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।



दिल्ली में पटाखे से 10 वर्षीय बच्चे की मौत

राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में दीपावली के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। आतिशबाजी के दौरान छोड़ा गया रॉकेट पटाखा 10 वर्षीय बच्चे को जा लगा। गंभीर चोट लगने के कारण बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने पटाखों के इस्तेमाल के दौरान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी आगजनी

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में कबाड़ के गोदाम में आग लगने से करीब 20 से 25 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। वहीं, गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में भी आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

जम्मू के नेहरू मार्केट में आग लगने से 12 से अधिक दुकानें जल गईं। असम के जोनाई और सिक्किम के गंगटोक में भी आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर भी दमकल विभाग की टीमों को आग बुझाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।


सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

दीपावली के दौरान देशभर में सामने आई आगजनी की घटनाओं ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और पटाखों के सुरक्षित इस्तेमाल पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिहायशी इलाकों, दुकानों और बहुमंजिला इमारतों में हुई इन घटनाओं से स्पष्ट है कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता और बेहतर अग्निशमन इंतजाम बेहद जरूरी हैं।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →