मैहर में जन्मदिन मनाने आई 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, छह दोस्त हिरासत में
जबलपुर से दो सहेलियों और चार दोस्तों के साथ पहुंची थी युवती, सुबह 4 बजे बिगड़ी तबीयत; FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य और यात्री निवास का DVR जब्त।

वंदे न्यूज़ मैहर। मध्य प्रदेश के धार्मिक शहर मैहर में जन्मदिन मनाने आई 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती जबलपुर की रहने वाली थी और अपनी दो सहेलियों व चार युवक दोस्तों के साथ मैहर पहुंची थी। घटना सोमवार तड़के देवीजी रोड स्थित आस्था यात्री निवास की है। युवती की अचानक तबीयत बिगड़ने के करीब एक घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है।
जन्मदिन मनाने सात दोस्त पहुंचे थे मैहर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जबलपुर निवासी सात युवक-युवतियां जन्मदिन मनाने के लिए मैहर आए थे। सोमवार तड़के करीब 3 बजे सभी देवीजी रोड स्थित आस्था यात्री निवास पहुंचे। यहां उन्होंने रुकने के लिए तीन कमरे बुक कराए थे। सभी के कमरे में पहुंचने के करीब एक घंटे बाद युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
युवती की हालत बिगड़ने पर उसके साथ आए दोस्त उसे तत्काल सिविल अस्पताल मैहर लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
शव ले जाने को लेकर अस्पताल में हुआ विवाद
युवती की मौत के बाद उसके साथ आए दोस्त बिना पोस्टमार्टम और पुलिस की कार्रवाई के शव को जबलपुर ले जाने की जिद करने लगे। हालांकि, मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस की कार्रवाई पूरी होने तक शव सौंपने से इनकार कर दिया।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, DVR जब्त
मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया। पुलिस ने युवती के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम ने आस्था यात्री निवास के संबंधित कमरे का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा पुलिस ने यात्री निवास का सीसीटीवी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के लिए DVR भी जब्त कर लिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के मुताबिक, युवती के साथ आए सभी छह दोस्तों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। फिलहाल युवती की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।