Vande News
NationalBreaking

गाजियाबाद में 22 अक्टूबर से होगा ‘जाणता राजा’ महानाट्य का मंचन

गाजियाबाद के सनसिटी में 22 से 28 अक्टूबर तक ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ का मंचन होगा। करीब 250 कलाकार छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और वीरगाथा को प्रस्तुत करेंगे।

V
Vande News
||2 min read|Updated 17 hours ago
Share:
गाजियाबाद में 22 अक्टूबर से होगा ‘जाणता राजा’ महानाट्य का मंचन

वंदे न्यूज़ नोएडा । छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गाजियाबाद के सनसिटी में 22 से 28 अक्टूबर तक ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ का भव्य मंचन किया जाएगा। दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से चार घंटे तक प्रस्तुति होगी। आयोजकों के अनुसार, इसमें करीब 250 कलाकार हिस्सा लेंगे।


कार्यक्रम की जानकारी शुक्रवार को नोएडा के अदिरा बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम भैया जी ने दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों, माता जीजाबाई के संस्कारों और समर्थ गुरु रामदास की शिक्षाओं से परिचित कराना जरूरी है। महानाट्य के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम, साहस और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।



सिंहगढ़, प्रतापगढ़ और रायगढ़ किलों की दिखेगी झलक

आयोजकों के मुताबिक, महानाट्य में हाथी, घोड़े,ऊंट, पारंपरिक हथियारों और विशाल मंच सज्जा के माध्यम से शिवाजी महाराज के जीवन की प्रमुख घटनाओं को जीवंत किया जाएगा। मंच पर सिंहगढ़, प्रतापगढ़ और रायगढ़ किलों की प्रतिकृतियां भी दिखाई जाएंगी।


डॉ. गौतम ने बताया कि उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जूना अखाड़े के प्रमुख आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के प्रतिदिन लगभग 15 हजार दर्शकों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड से करीब सवा लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। 


विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी पर जोर


आयोजन समिति युवाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए दिल्ली-एनसीआर के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों तथा कॉलेजों से संपर्क कर रही है। मिशन की टीमें मार्च 2026 से तैयारियों में जुटी हैं। आयोजकों के अनुसार, अब तक 300 से अधिक बैठकें, गोष्ठियां और सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं।


आयोजन स्थल पर शिव अवतरण मंडपम में नवरात्रि के प्रथम दिन से 28 अक्टूबर तक प्रतिदिन रुद्राभिषेक भी किया जा रहा है। कार्यक्रम से प्राप्त सहयोग का उपयोग दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सेवा प्रकल्पों में किया जाएगा।


प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने की। इस दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, संयोजक विनय चौधरी, महामंत्री दीपक शर्मा और मिशन के सहसंयोजक राघवेंद्र सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →