Vande News
NationalBreaking

नोएडा में पहली बार होगा ‘श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम’, 21 हजार दीपों से जगमगाएगा यमुना तट

7 नवंबर को सेक्टर-94 में होगा भव्य आयोजन, काशी के 11 वैदिक आचार्य करेंगे मां यमुना की महाआरती; वैदिक महायज्ञ और सामूहिक दीपदान होंगे मुख्य आकर्षण

V
Vande News
||2 min read|Updated 3 weeks ago
Share:
नोएडा में पहली बार होगा ‘श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम’, 21 हजार दीपों से जगमगाएगा यमुना तट

वंदे न्यूज़ नोएडा। धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नोएडा में पहली बार ‘श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम–2026’ का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 7 नवंबर को सेक्टर-94 स्थित यमुना तट पर कालिंदी कुंज पुल के समीप होने वाले इस भव्य आयोजन में 21 हजार दीपों से यमुना तट को रोशन किया जाएगा। काशी से आए 11 विद्वान वैदिक आचार्य मां यमुना की भव्य महाआरती करेंगे। आयोजन को लेकर गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें आयोजकों ने कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी।


अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान के तत्वावधान में आयोजित यह महासंगम धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी देगा। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा। इस दौरान वैदिक महायज्ञ, सामूहिक दीपदान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और वैदिक मंत्रोच्चार कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।


सनातन संस्कृति के संरक्षण और यमुना की स्वच्छता का संदेश

संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा आयोजन के मुख्य संरक्षक ज्योतिषरत्न डॉ. गुरुजी गौतम ऋषि ने बताया कि महासंगम का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। इसके साथ ही मां यमुना की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या की धार्मिक परंपराओं से प्रेरणा लेते हुए नोएडा में भी मां यमुना की आराधना और संरक्षण को लेकर एक स्थायी सांस्कृतिक परंपरा विकसित करने की पहल की जा रही है।



दिल्ली-NCR के लोगों से शामिल होने की अपील

संस्था के राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर मान सिंह चौहान ने बताया कि महासंगम की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। उन्होंने नोएडा सहित दिल्ली-NCR के लोगों से परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

आयोजन समिति में कार्यक्रम संयोजक मनोज गुप्ता, कार्यक्रम सचिव एफसीए डॉ. मनोरंजन मोहंती, राष्ट्रीय सचिव अशोक कुमार श्रीवास्तव और कार्यक्रम उपाध्यक्ष प्रेरित मान सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे हैं।


आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और युवाओं को यमुना को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प भी दिलाया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह महासंगम धार्मिक आस्था के साथ नदियों और प्रकृति के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनेगा।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →