नोएडा चित्रकला उत्सव–2026: इंद्रधनुष सीजन-5 में 5,000 प्रतिभागियों के जुटने की उम्मीद
नोएडा में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने और कला के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को जोड़ने के लिए नोएडा चित्रकला उत्सव–इंद्रधनुष अंतरविद्यालय प्रतियोगिता सीजन-5 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में इस बार 9 समूह बनाए गए हैं, जिनमें स्कूली बच्चों के साथ शिक्षक और वरिष्ठ नागरिक भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों को करीब 5,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।

वंदे न्यूज़ नोएडा। नोएडा लोक मंच एवं नोएडा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में ‘नोएडा चित्रकला उत्सव–इंद्रधनुष अंतरविद्यालय प्रतियोगिता, सीजन-5’ का आयोजन 26 नवंबर 2026 को शिवालिक पार्क, सेक्टर-33, नोएडा में किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और कला को समाजसेवा से जोड़ना है।
इस आयोजन को लेकर शनिवार को सेक्टर-15 स्थित नोएडा लोक मंच कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें शहर के लगभग 30 पत्रकारों ने भाग लिया। आयोजकों ने प्रतियोगिता के प्रारूप, विभिन्न श्रेणियों, तैयारियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की।
9 समूहों में होगी प्रतियोगिता
आयोजन की प्रमुख स्तंभ राजेश्वरी त्यागी राजन ने इंद्रधनुष की परिकल्पना और अब तक की यात्रा के बारे में बताया। इंदिरा चौधरी ने जानकारी दी कि इस बार प्रतियोगिता को 9 समूहों में विभाजित किया गया है। इसमें सरकारी, बस्ती, पब्लिक, सेमी-पब्लिक, NGO संचालित और प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों के लिए अलग वर्ग बनाया गया है, जबकि पहली बार वरिष्ठ नागरिकों को भी प्रतियोगिता में अवसर दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों से परे सभी वर्गों को कला के साझा मंच पर लाना है।

5,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद
पिछले आयोजनों के अनुभव और इस वर्ष मिल रहे उत्साह को देखते हुए करीब 5,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है। विभिन्न विद्यालयों से प्रविष्टियां मिल रही हैं और स्कूलों के साथ समन्वय जारी है।
नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि आयोजन के बाद 500 से अधिक प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे और चयनित कलाकृतियों की विशेष आर्ट गैलरी बनाई जाएगी। इच्छुक लोग स्वैच्छिक अनुदान देकर कलाकृतियां प्राप्त कर सकेंगे। इससे जुटाई गई राशि जरूरतमंदों की शिक्षा और चिकित्सा सहायता में खर्च की जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. रामचरण गौर, विभा बंसल, रंजू माथुर, रेनू छिब्बर, मुकुल बाजपेयी सहित अन्य वॉलंटियर्स मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विनोद पांडेय ने किया, जबकि लीका सक्सेना ने अतिथियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने वरिष्ठ नागरिकों से भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने की अपील की।