Vande News
NationalBreaking

पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो फ्लाइट का लैंडिंग गियर अटका, 192 लोगों की सांसें अटकीं; पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

पुणे एयरपोर्ट पर सुबह करीब 9 बजे सुरक्षित उतारा गया विमान, सभी 192 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित; किसी के घायल होने की खबर नहीं।

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 week ago
Share:
पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो फ्लाइट का लैंडिंग गियर अटका, 192 लोगों की सांसें अटकीं; पुणे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

वंदे न्यूज़ पुणे । महाराष्ट्र के पुणे से असम के गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट में रविवार सुबह तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। फ्लाइट संख्या 6E 0623 का लैंडिंग गियर टेक-ऑफ के बाद अंदर नहीं जा पाया और बाहर ही रह गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर समेत कुल 192 लोग सवार थे।


टेक-ऑफ के बाद सामने आई तकनीकी खराबी

जानकारी के मुताबिक, विमान के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को तकनीकी खराबी की सूचना दी। पायलट ने बताया कि टेक-ऑफ के बाद विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा रहा है। इसके बाद विमान को वापस पुणे एयरपोर्ट लाने का फैसला किया गया। स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।


एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित

पुणे एयरपोर्ट के डायरेक्टर संतोष धोके के मुताबिक, भारतीय वायु सेना (IAF) की ओर से फुल इमरजेंसी घोषित की गई। इसके बाद सभी जरूरी आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दमकल विभाग, एम्बुलेंस और अन्य इमरजेंसी टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया।

एहतियात के तौर पर विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि बाहर से लैंडिंग गियर की स्थिति का निरीक्षण किया जा सके। जांच के बाद विमान को सुरक्षित उतारने की तैयारी की गई।


सुबह 9 बजे सुरक्षित हुई लैंडिंग

अधिकारियों के मुताबिक, विमान ने सुबह करीब 9 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद निर्धारित आपातकालीन प्रक्रिया के तहत तीन दमकल वाहनों और दो एम्बुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया।

विमान की स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद ATC ने सुबह 9:10 बजे फुल इमरजेंसी हटा दी। इसके बाद एयरोब्रिज जोड़ा गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


सभी 192 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित

इस घटना में राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं, इंडिगो प्रभावित यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर रहा है। इसके लिए बेंगलुरु से पुणे तक विमान की व्यवस्था की जा रही है।


फिलहाल तकनीकी खराबी के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →