Vande News
NationalBreaking

नोएडा में ट्रक से 177 किलो गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

उड़ीसा से गुरुग्राम ले जाया जा रहा था गांजा, ट्रक के नीचे डीजल टैंक जैसी गुप्त जगह बनाकर छिपाया था नशे का सामान; पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये कीमत बताई

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 week ago
Share:
नोएडा में ट्रक से 177 किलो गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

वंदे न्यूज़ नोएडा। सेंट्रल नोएडा में गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बादलपुर थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा 177 किलो 790 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर हरियाणा के गुरुग्राम में सप्लाई करने जा रहे थे।



डीसीपी सेंट्रल नोएडा प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद बादलपुर थाना पुलिस और ANTF की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में अंबेडकर पार्क के सामने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में गांजा छिपाकर ले जाने का खुलासा हुआ।


पुलिस के अनुसार, तस्करों ने गांजे को छिपाने के लिए ट्रक के निचले हिस्से में अलग से बॉडी तैयार कराई थी। टूल बॉक्स के पास डीजल टैंक जैसी दिखने वाली एक गुप्त जगह बनाई गई थी, जिसका इस्तेमाल गांजे को छिपाकर ले जाने के लिए किया जा रहा था। बाहर से देखने पर यह सामान्य डीजल टैंक जैसी दिखाई देती थी।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी इरफान और आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इरफान ट्रक का मालिक और चालक है, जबकि आसिफ उसके साथ हेल्पर के रूप में काम करता था। दोनों उड़ीसा से गांजा लेकर गुरुग्राम जा रहे थे। आरोपियों को गांजे की खेप ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक पहुंचानी थी।



पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गांजे की खेप मंगाने वाले लोगों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की पड़ताल जारी है।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →