राजनगर एक्सटेंशन गाजियाबाद में खुली नैनीताल बैंक की 177वीं शाखा, ग्राहकों को मिलेंगी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं
राजनगर एक्सटेंशन के ग्राहकों को अब मिलेगी तेज़, सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं की सुविधा, उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद।

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में नैनीताल बैंक की 177वीं शाखा का भव्य शुभारंभ, ग्राहकों को मिलेंगी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं
गाजियाबाद। नैनीताल बैंक लिमिटेड ने अपने विस्तार अभियान को आगे बढ़ाते हुए गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में अपनी 177वीं शाखा का भव्य शुभारंभ किया। नई शाखा का उद्घाटन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सुशील कुमार लाल ने किया। इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्राहकों की उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया।
राजनगर एक्सटेंशन स्थित एल.जी.एफ. 5 एवं 6, एंकर-1, ज्योति सुपर द हब में शुरू हुई इस नई शाखा के उद्घाटन समारोह में क्षेत्रीय प्रबंधक श्री दीपक बिष्ट, शाखा प्रबंधक श्री अनुभव श्रीवास्तव, उप क्षेत्रीय प्रबंधक श्री आशीष भट्ट, उप क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीमती रुचि पंत, एन.एल.पी. हेड श्रीमती रुचि सिंह सहित बैंक के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक एवं सीईओ श्री सुशील कुमार लाल ने कहा कि नैनीताल बैंक ग्राहकों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि बैंक आकर्षक ब्याज दरों पर आवास ऋण और वाहन ऋण उपलब्ध करा रहा है, जिससे ग्राहकों के लिए अपने सपनों का घर और वाहन खरीदना पहले से अधिक आसान हो गया है।
उन्होंने बैंक के आधुनिक मोबाइल बैंकिंग ऐप की विशेषताओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ग्राहक इस ऐप के माध्यम से घर बैठे खाता संचालन, धन अंतरण, फिक्स्ड डिपॉजिट सहित कई महत्वपूर्ण बैंकिंग सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकते हैं। साथ ही उन्होंने बैंक की ग्राहक-केंद्रित कार्यशैली, त्वरित सेवा और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्धता को भी दोहराया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक श्री दीपक बिष्ट ने कहा कि राजनगर एक्सटेंशन में नई शाखा के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर, तेज़ और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय ग्राहकों को बैंकिंग सुविधाओं के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और बैंक तथा ग्राहकों के बीच संबंध भी और अधिक मजबूत होंगे।
कार्यक्रम के अंत में शाखा प्रबंधक श्री अनुभव श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों और ग्राहकों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि नई शाखा ग्राहकों को उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
राजनगर एक्सटेंशन में नैनीताल बैंक की इस नई शाखा के खुलने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और उद्यमियों को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा। बैंक का यह विस्तार क्षेत्र के आर्थिक विकास और वित्तीय समावेशन को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।