14वें अंतरराष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री फिल्म फेस्टिवल में वरिष्ठ पत्रकार पवन राज सिंह की फिल्म ‘पृथ्वी वासी’ को मिला अवार्ड
मानव सभ्यता के विकास पर आधारित फिल्म को 14वें इंटरनेशनल डॉक्यूमेंट्री फिल्म फेस्टिवल-2026 में मिला अवार्ड।

नोएडा। फिल्म सिटी स्थित मारवाह स्टूडियो में आयोजित 14वें इंटरनेशनल डॉक्यूमेंट्री फिल्म फेस्टिवल-2026 में नोएडा के वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म निर्माता पवन राज सिंह की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘पृथ्वी वासी’ को चयनित कर सम्मानित किया गया। इंटरनेशनल चैंबर ऑफ मीडिया एंड एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री (ICMEI) द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में फिल्म को अवार्ड प्रदान किया गया।
फिल्म निर्माता पवन राज सिंह ने बताया कि डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘पृथ्वी वासी’ में मानव सभ्यता के प्रारंभ से लेकर आधुनिक युग तक के विकास और उसके ऐतिहासिक सफर को दर्शाया गया है। फिल्म के माध्यम से मानव जीवन, सभ्यता और समय के साथ आए बदलावों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
पवन राज सिंह इससे पहले ‘श्रीजी गौ सदन’, ‘इस्कॉन मंदिर नोएडा’ और ‘हाउस ऑफ स्ट्रे एनिमल्स’ जैसी महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और रचनात्मक सोच को दिया। उन्होंने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट, रिसर्च और एडिटिंग में पंकज शर्मा ‘राज अत्री’ तथा वॉइस ओवर में आर्टिस्ट आर. जे. गगन का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर पवन राज सिंह ने फिल्म के चयन और सम्मान के लिए इंटरनेशनल चैंबर ऑफ मीडिया एंड एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. संदीप मारवाह और ज्यूरी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के संबंध में डॉ. संदीप मारवाह ने बताया कि 14वें अंतरराष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री फिल्म फेस्टिवल को शानदार प्रतिक्रिया मिली। प्रतियोगिता श्रेणी के लिए कुल 150 डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का चयन किया गया था।
डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रतिभा और रचनात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न श्रेणियों में कुल 23 पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा, युवा फिल्म निर्माताओं और नई पीढ़ी के रचनात्मक कहानीकारों को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रों की 11 फिल्मों को भी सम्मानित किया गया।
पवन राज सिंह की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘पृथ्वी वासी’ को मिला यह सम्मान नोएडा के मीडिया और फिल्म निर्माण जगत के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।