Vande News
Uttar PradeshBreaking

नोएडा के सेक्टर-136 में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी का भंडाफोड़, 164 विदेशी नागरिकों का खुलासा

नोएडा के सेक्टर-136 स्थित सोविरेन टावर में कथित अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद नोएडा पुलिस ने जांच शुरू की।

V
Vande News
||3 min read|Updated 8 hours ago
Share:
नोएडा के सेक्टर-136 में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी का भंडाफोड़, 164 विदेशी नागरिकों का खुलासा

वंदे न्यूज़ नोएडा। नोएडा के सेक्टर-136 स्थित सोविरेन टावर में चल रहे कथित अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस नेटवर्क में मलेशिया और इंडोनेशिया के नागरिक शामिल थे। आरोप है कि बिजनेस वीजा पर भारत आए विदेशी नागरिकों से कथित तौर पर साइबर ठगी कराई जा रही थी। मामले में 164 विदेशी नागरिकों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। कार्रवाई के बाद नोएडा पुलिस भी जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, मलेशियाई नागरिक तान गुआन वेई और उसके कथित सहयोगियों ने सेक्टर-136 के सोविरेन टावर में एक सेंटर संचालित कर रखा था। आरोप है कि सेंटर के संचालन के लिए स्थानीय पुलिस से किरायानामा या अन्य अनुबंध का सत्यापन नहीं कराया गया था। विदेशी नागरिकों को अच्छी नौकरी और कमाई का लालच देकर भारत लाने की बात भी सामने आई है।



विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट रखने का भी आरोप

मामले में आरोप है कि विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट अपने कब्जे में रखकर उनसे साइबर ठगी कराई जा रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सेंटर में काम करने वाले विदेशी नागरिक आसपास के लोगों से ज्यादा संपर्क नहीं रखते थे। उनके लिए ऑनलाइन फूड डिलीवरी के जरिए खाना मंगाया जाता था। वहीं, विदेश में रकम ट्रांसफर करने के लिए कुछ लोग टावर के पास स्थित एक चाय की दुकान पर जाते थे।

बताया गया है कि सेंटर में बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और कंप्यूटर सिस्टम लगाए गए थे। सुरक्षा और पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए सेंटर का सार्वजनिक रूप से प्रचार भी नहीं किया जाता था।



दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद नोएडा पुलिस सक्रिय

मामले का खुलासा होने के बाद नोएडा पुलिस की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर रिकॉर्ड और कंप्यूटर सिस्टम की जांच की। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की है।


नोएडा पुलिस ने जारी किया आधिकारिक बयान

गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, थाना फेस-2 क्षेत्र में दिल्ली पुलिस की ओर से एक विदेशी नागरिक की शिकायत के संबंध में सूचना दी गई थी। शिकायत में एनसीआर क्षेत्र में सॉफ्टवेयर कंपनी के नाम पर विदेशी नागरिकों से ठगी किए जाने की जानकारी दी गई थी।

सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं, जहां साइबर अपराध से जुड़े साक्ष्य मिले। नोएडा पुलिस ने मकान मालिक और विदेशी नागरिकों के खिलाफ वीजा शर्तों के उल्लंघन समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →