जेपी विशटाउन में मेंटेनेंस चार्ज बढ़ाने पर रोक, 13 दिन बाद धरना स्थगित

नोएडा कविता शर्मा । जेपी विशटाउन के निवासियों द्वारा बढ़े हुए मेंटेनेंस चार्ज और अधूरी सुविधाओं को लेकर पिछले 13 दिनों से किया जा रहा धरना फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद निवासियों ने यह निर्णय लिया है। प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश को आंदोलन की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
प्राधिकरण द्वारा सुरक्षा रियलिटी के अधिकारियों और सुनील भारद्वाज के नेतृत्व में विशटाउन की विभिन्न सोसाइटियों के प्रतिनिधियों के साथ मध्यस्थता बैठक बुलाई गई। बैठक के बाद प्राधिकरण ने समिति का गठन करने और समिति के निष्कर्ष आने तक SAM चार्ज बढ़ाने पर रोक लगाने का आदेश दिया है।
इसके साथ ही पूरे जेपी विशटाउन में सेक्टर-131, 133 और 134 तक बिल्डर द्वारा फ्लैटों की NOC जारी करने पर भी रोक लगा दी गई है।
इससे पहले बढ़े हुए मेंटेनेंस चार्ज और अधूरी सुविधाओं को लेकर निवासी जेपी विशटाउन के कॉमन एरिया में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। आंदोलन को किसान संगठनों का भी समर्थन मिला था। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने भी मौके पर पहुंचकर खरीदारों से बातचीत की थी। इसके बाद प्राधिकरण स्तर पर अधिकारियों और निवासियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई।
कोसमोस एओए के अध्यक्ष बृजेश सिंह ने धरने में लगातार 13 दिनों तक सहयोग देने वाले सभी वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और निवासियों का धैर्य एवं शांति बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कोसमोस एओए अध्यक्ष बृजेश सिंह, उपाध्यक्ष गिरिजा एवं वीके माथुर, सचिव संजय सोलंकी, कोषाध्यक्ष गुरुदत्त दुरेजा और सदस्य मंगू सिंह त्यागी, अभिजीत, सुभाष शर्मा व अरुण शर्मा ने सभी निवासियों का धन्यवाद किया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद निवासियों ने धरना स्थगित कर दिया है। अब सभी की नजरें गठित होने वाली समिति के फैसले और प्राधिकरण के आदेशों के अनुपालन पर रहेंगी।