सेक्टर 11 में 16 घंटे से बिजली गुल, पानी संकट से जूझ रहे निवासी
पुराना ट्रांसफार्मर बदलते ही फिर फुंका, बिजली-पानी के बिना परेशान लोग

13 जून को सेक्टर 11 में रात 1 बजे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। स्थानीय निवासियों के अनुसार दिनभर शिकायतों और विरोध के बाद शाम करीब 5 बजे एक पुराना, कई बार रिपेयर किया जा चुका ट्रांसफार्मर बदला गया। हालांकि बिजली आपूर्ति शुरू होते ही नया लगाया गया ट्रांसफार्मर भी फुंक गया, जिससे समस्या और बढ़ गई।
बिजली न होने के कारण क्षेत्र में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। करीब 16 घंटे से लोग बिना बिजली और पानी के रहने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी बिजलीघर पहुंचने को तैयार नहीं है। क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द स्थायी समाधान और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है।
